हम आपको छोड़ेंगे नहीं, बैंक गारंटी जब्त कर देंगे, ब्लैकलिस्ट कर देंगे… किस पर भड़के नितिन गडकरी

नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अपने सख्त मिजाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सड़कों का खराब रखरखाव करने वाली एजेंसियों एवं ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि खराब प्रदर्शन करने वाले ऑपरेटर को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्घाटन करने के लिए मंगलवार को गाजियाबाद पहुंचे गडकरी ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार लोगों को जमकर फटकार लगाई।

गडकरी ने कटाक्ष के लहजे में कहा, ‘मैंने लंबे समय के बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का उपयोग किया है। बहुत काम हुआ है। अब मेरी इच्छा है कि मेरे हाथ से बहुत से लोग ‘रिटायर’ हों, जो काम नहीं कर रहे हैं। कुछ ठेकेदार काली सूची में हों, किसी की बैंक गारंटी जब्त हो।’ गडकरी ने कहा, ‘एसोसिएशन के पदाधिकारी यहां (कार्यक्रम में दर्शकों में) बैठे हैं, सड़कों का रखरखाव अच्छा होना चाहिए। मैंने आज सड़क देखी। इसका रखरखाव बहुत गंदा है। हम आपको छोड़ेंगे नहीं। जो गंदा काम करेंगे, हम उनकी बैंक गारंटी जब्त करने के बाद भी उनको हम काली सूची में डाल देंगे और उनको नया ‘टेंडर’ भरने नहीं देंगे।’

अच्छी कंपनियों को सम्मान

गडकरी ने यह भी कहा कि सड़कों का बेहतर रखरखाव करने वाली एजेंसियों और ‘ऑपरेटर’ को सरकार द्वारा विशेष मान्यता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अच्छा काम करेंगे उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि जो बुरा काम करेंगे उन्हें व्यवस्था से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने पर्यावरण समर्थक नीतियों और जैव ईंधन जैसी पहल की आवश्यकता पर भी जोर दिया तथा कहा कि मंत्रालय प्रदूषण को कम करने के लिए भारत में लागू की जा सकने वाली योजनाओं के लिए बहुत सारे अध्ययन कर रहा है।

गडकरी ने ‘एक्स’ पर एक पेड़ मां के नाम अभियान का जिक्र करते हुए कहा, ‘देश को ग्रीन इकॉनमी की दिशा में आगे बढ़ने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से लड़ने के लिए टिकाऊ जीवनशैली को अपनाने के उद्देश्य से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यह पहल शुरू की गई है। इससे न केवल हमारे पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, बल्कि यह हमारे समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक कदम है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post 24 सितम्बर तक करना है 95 प्रकार की ओबीसी जाति का सर्वे
Next post फर्जी दारोगा बन जी रहा था आलीशान जिंदगी, थाने पहुंचा तो असली पुलिस भी रह गई सन्न; बस एक गलती और खुल गई पोल