अतीक के भाई की फरार बीवी के घर पर चला बुलडोजर

प्रयागराज. माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की मौत के बाद भी उनके अवैध साम्राज्य पर योगी सरकार का एक्शन लगातार जारी है.  माफिया अतीक अहमद और अशरफ की कई बेनामी और अपराध से अर्जित संपत्तियों पर अब तक बुलडोजर एक्शन के साथ ही कुर्की की कार्रवाई भी हो चुकी है.
इसी कड़ी में गुरुवार को अशरफ की फरार पत्नी जैनब फातिमा के करोड़ों के आलीशान मकान को प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने जमींदोज कर दिया.

पूरामुफ्ती के अकबरपुर सल्लाहपुर में यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने इस अवैध मकान पर बुलडोजर चलाया गया. प्रयागराज विकास प्राधिकरण गुरुवार को दोपहर 12 बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की. जिस मकान का ध्वस्तीकरण किया उसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है. वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने इस अवैध मकान के ध्वस्तीकरण को लेकर पीडीए ने पहले ही अपनी जांच पड़ताल और विधिक कार्रवाई पूरी कर ली थी. प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने पहले ही ध्वस्तीकरण का नोटिस भी जारी कर दिया था.

अनुमान के मुताबिक लगभग 7 बीघा जमीन अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और उसके भाई जैद और सद्दाम ने कब्जा किया था. 50 करोड़ से अधिक कीमत की वक्फ बोर्ड की जमीन कब्जा करने को लेकर नवंबर 23 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. जिसके बाद इस मकान को धूमनगंज थाना पुलिस ने 3 दिसंबर 23 को गैंगस्टर एक्ट में मुनादी कराकर कुर्क कर लिया था.

बता दें कि 24 फरवरी 2023 को अधिवक्ता उमेश पाल और दो सरकारी गनर शूटआउट केस में पुलिस ने जैनब फातिमा को भी आरोपी बनाया है. भगोड़ा घोषित हो चुकी जैनब फातिमा पर पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने 25 हजार का इनाम भी घोषित किया है. फरार होने के पहले जैनब फातिमा इसी मकान में रहती थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post IAS की गाड़ी से रात को पुलिस ने उतरवाई नीली बत्ती, Video वायरल हुआ तो पुलिस वालों की लग गई क्लास
Next post जोरो-शोरो से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी… कॉन्टैक्टर कॉलोनी मंं चल रहा योगाभ्यास