आबकारी घोटाले के ‘सरगना और मुख्य षडयंत्रकारी' हैं केजरीवाल: ईडी ने दिल्ली हाई कोर्ट से कहा

आबकारी घोटाले के ‘सरगना और मुख्य षडयंत्रकारी’ हैं केजरीवाल: ईडी ने दिल्ली हाई कोर्ट से कहा

दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय से कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘आबकारी घोटाले’ के ‘सरगना’ एवं ‘षडयंत्रकारी’ हैं और इसके पास उपलब्ध सामग्री के आधार पर यह मानने के कारण हैं कि वह धनशोधन के अपराध के दोषी हैं।

‘घोटाले’ से जुड़े धनशोधन मामले में एजेंसी द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) नेता की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका का विरोध करते हुए, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि राजनीतिक दल, जो अपराध की आय का ‘प्रमुख लाभार्थी’ था, ने केजरीवाल के माध्यम से अपराध किया है।

ईडी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, आप नेताओं और अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से दिल्ली आबकारी घोटाले के सरगना और मुख्य षडयंत्रकारी हैं। अरविंद केजरीवाल सीधे तौर पर आबकारी नीति 2021-22 बनाने में शामिल थे।’’

संघीय एजेंसी ने कहा, ‘‘इस नीति का मसौदा ‘साउथ ग्रुप’ को दिए जाने वाले लाभों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया किया गया था और इसे विजय नायर, मनीष सिसोदिया और ‘साउथ ग्रुप’ के प्रतिनिधि सदस्यों की मिलीभगत से बनाया गया था।’’

ईडी ने कहा कि आप ने केजरीवाल के माध्यम से धनशोधन का अपराध किया है और इस तरह यह अपराध पीएमएलए, 2002 की धारा 70 के दायरे में आता है।

‘‘आम आदमी पार्टी दिल्ली आबकारी घोटाले में अर्जित अपराध की आय की प्रमुख लाभार्थी है। अरविंद केजरीवाल आप की प्रमुख गतिविधियों को नियंत्रित करते हैं। जैसा कि गवाहों के बयान से स्पष्ट होता है कि वह पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और नीति बनाने के निर्णयों में भी शामिल थे।’’न्यायमूर्ति स्वर्ण कांत शर्मा के समक्ष बुधवार को सुनवाई के लिए याचिका सूचीबद्ध है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तर पूर्वी दिल्ली 'घर-घर गारंटी' अभियान की शुरुआत करेंगे मल्लिकार्जुन खरगे Previous post उत्तर पूर्वी दिल्ली ‘घर-घर गारंटी’ अभियान की शुरुआत करेंगे मल्लिकार्जुन खरगे
EX PM मनमोहन सिंह समेत 54 सांसद राज्यसभा से हो रहे रिटायर, 9 केंद्रीय मंत्री भी शामिल Next post EX PM मनमोहन सिंह समेत 54 सांसद राज्यसभा से हो रहे रिटायर, 9 केंद्रीय मंत्री भी शामिल