श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के पांचवे दिन कथावाचक बापू ने आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया

भिलाई नगर:    श्रीराम जन्मोत्सव समिति एवं जीवन आनंद फाउण्डेशन द्वारा आयोजित श्रीराम ज्ञानयज्ञ एवं श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के पांचवे दिन आज कथावाचक राष्ट्रीय संत श्री चिन्मयानंद बापू ने प्रभु की कथा पर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि कथा एक ज्ञानरूपी प्रसाद है, जिसे हम सबको मिल बांटकर खाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इसे अकेले ही ग्रहण कर लिया तो स्वार्थी माने जाओगे। उन्होंने कहा कि हमें ज्यादा से ज्यादा प्रभु से उपदेशों को और कथा का प्रचार करना चाहिए। हम सबको प्रभु के उपदेशों का प्रचार- प्रसार करना चाहिए। यह जितनी ज्ञानवर्धक है, उतनी ही कल्याणकारी भी है।

श्रीराम कथा के पांचवे दिन चिन्मयानंद बापू प्रभु श्रीराम की बाल लीला का बखान किया। उन्होंने बताया कि प्रभु श्रीरामचन्द्र ने बाल क्रीड़ा की और समस्त नगर निवासियों को सुख दिया। कौशल्याजी कभी उन्हें गोद में लेकर हिलाती-डुलाती और कभी पालने में लिटाकर झुलाती थीं । प्रभु की बाल लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि एक बार माता कौशल्या ने श्री रामचन्द्रजी को स्नान कराया और श्रृंगार करके पालने पर पीढ़ा दिया। फिर अपने कुल के इष्टदेव भगवान की पूजा के लिए स्नान किया, पूजा करके नैवेद्य चढ़ाया और स्वयं वहां गई, जहां रसोई बनाई गई थी।

फिर माता पूजा के स्थान पर लौट आई और वहां आने पर पुत्र को भोजन करते देखा। माता भयभीत होकर पुत्र के पास गई, तो वहां बालक को सोया हुआ देखा। फिर देखा कि वही पुत्र वहां भोजन कर रहा है। उनके हृदय में कंपन होने लगा। वह सोचने लगी कि यहां और वहां मैंने दो बालक देखे। यह मेरी बुद्धि का भ्रम है या और कोई विशेष कारण है?  प्रभु श्री रामचन्द्रजी माता को घबराया हुआ देखकर मधुर मुस्कान से हंस दिए फिर उन्होंने माता को अपना अखंड अद्भूत रूप दिखलाया, जिसके एक-एक रोम में करोड़ों ब्रह्माण्ड लगे हुए हैं माता का शरीर पुलकित हो गया, मुख से वचन नहीं निकलता। तब आँखें मूंदकर उसने रामचन्द्रजी के चरणों में सिर नवाया। माता को आश्चर्यचकित देखकर श्री रामजी फिर बाल रूप हो गए।

 आहूतियां डाल की जनकल्याण की प्रार्थना
श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के तहत आज जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति डालकर जन कल्याण के लिए प्रार्थना की। सैकड़ों की संख्या में पुरुष एवं महिलाओं ने यज्ञ स्थल पर पहुंचकर यज्ञशाला की परिक्रमा की। यज्ञशाला के दर्शन एवं परिक्रमा कर प्रभु के दर्शन का लाभ लिया। महायज्ञ संचालक ने बताया कि महायज्ञ के आयोजन का बड़ा महत्व है। इससे भगवान विष्णु को प्रसन्न किया जा सकता है। यज्ञ हमारे जीवन का हिस्सा है। इससे पर्यावरण का संरक्षण होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post राजयोगिनी  ब्रह्माकुमारी कमला दीदी की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
Next post बाबा गुरु घासीदास जंयती के अवसर पर करोड़ों की घोषणा,मुख्यमंत्री बघेल