स्वर्ण कमल में विराजेंगी मां दुर्गा,हीरे-मोती रत्नों से सजी 35 फीट प्रतिमा

(ब्यूरो)

जांजगीर-चांपा – जिले में इस साल भव्य रूप से दुर्गा पूजा मनाने की तैयारी की जा रही है। नैला दुर्गोत्सव देश भर में मशहूर है। इस बार दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर 110 फीट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है।हीरे-मोती और रत्नों से जड़ित 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।  दुर्गा पूजा के लिए बनाए जा रहे विशाल पंडाल में इस बार मुख्य आकर्षण स्वर्ण कमल होगा, जिसमें मां दुर्गा विराजमान रहेंगी। वहीं उनके सिर पर चांदी की छत्र लगाई जाएगी। करीब 20 फीट व्यास वाले चांदी के छत्र के नीचे स्वर्ण कमल में मां दुर्गा विराजमान रहेंगी।

नैला स्टेशन में बनने वाली मां दुर्गा की प्रतिमा हर साल एक से बढ़कर एक होती है। चाहे हीरे-मोती और नवरत्नों से जड़ित प्रतिमा हो या 50, 200, 500 और 2000 रुपए के नए नोटों से सुसज्जित मां दुर्गा की मूर्ति। हालांकि कोरोना महामारी के कारण नैला में पिछले 2 साल से दुर्गा पूजा बहुत ही सामान्य तरीके से गाइडलाइन का पालन करते हुए मनाई जा रही थी, लेकिन इस साल पूरे धूमधाम से इसका आयोजन होने वाला है।

दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति ने दुर्गोत्सव के लिए खास तैयारियां की हैं। यहां दुर्गा पूजा में न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि आसपास के राज्यों से भी लोग आते हैं। समिति के अध्यक्ष राजेश पालीवाल ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा सोने से तैयार स्वर्ण कमल में विराजमान होंगी। करीब 40 फीट व्यास वाला कमल का फूल बनेगा, जिसमें सोने की परत चढ़ेगी। 2 फीट व्यास वाला चांदी का छत्र तैयार हो रहा है.

स्वर्ण कमल बनाने के लिए बंगाल के कारीगरों से चर्चा चल रही है। वहीं प्रवेश द्वार दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की तरह होगा, जिसकी ऊंचाई 110 और चौड़ाई 100 फीट रहेगी। मां दुर्गा की प्रतिमा के आसपास इस बार भगवान शिव का पूरा परिवार रहेगा। भगवान श्री गणेश, कार्तिकेय, माता पार्वती और भगवान शंकर की 10-10 फीट ऊंची मूर्तियां स्थापित की जाएगी। इसके साथ पूरे डोम पंडाल में विशेष लाइटिंग प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दुर्गा मां की प्रतिमा स्थानीय कारीगरों से तैयार करवाई जा रही है। सभी मूर्तियां मिट्टी से तैयार की जा रही हैं। कारीगर मूर्तियां बनाने में जुट गए हैं। मां दुर्गा की 35 फीट ऊंची प्रतिमा के साथ ही सभी देवी-देवताओं की प्रतिमा का निर्माण शुरू हो गया है।  नैला की दुर्गा पूजा में शामिल होने के लिए हर साल कई राज्यों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में आते हैं। नवरात्रि के दौरान शहर में भव्य उत्सव का माहौल रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post अवैध शराब पर लगेगी रोक,सीएम बघेल
Next post हेडमास्टर टीचर निलंबित,इंतजार में बैठे छात्राएॅं