5 साल से कम उम्र तो मास्क की सिफारिश नहीं; देश में 3.44 लाख नए केस

सरकार ने गुरुवार को बच्चों के लिए नई कोरोना गाइडलाइन जारी की है। इसमें 5 साल तक, 6 से 11 साल और 12 से 18 साल के किशोरों के लिए अलग-अलग सुझाव हैं। 18 साल से कम उम्र के बच्चों के संक्रमित होने पर एंटीवायरल या मोनोक्लोनल एंटीबॉडी का इस्तेमाल नहीं करने का सुझाव दिया गया है। भले ही संक्रमण की गंभीरता कैसी भी हो। अगर उन्हें स्टेरायड दिया जाता है तो इसे क्लिनिकल इम्प्रूवमेंट के आधार पर 10 से 14 दिनों में कम करने के लिए कहा गया है।

इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा कि 5 साल और इससे कम उम्र के बच्चों के लिए मास्क की सिफारिश नहीं की जाती है। 6 से 11 साल के बच्चे माता-पिता की देखरेख में मास्क पहन सकते हैं। मंत्रालय ने कहा है कि 12 साल और उससे ज्यादा उम्र के किशोरों को वयस्कों की तरह ही मास्क पहनना चाहिए।

देश में गुरुवार रात 11:30 बजे तक 3.44 लाख नए केस मिले हैं। इस दौरान 2.50 लाख लोग ठीक हुए और 698 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले बुधवार को 3.17 लाख नए केस मिले थे। 2.23 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 491 लोगों की मौत हुई। वहीं,18 जनवरी को 2.82 लाख लोग संक्रमित मिले थे। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 93 हजार 502 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिलहाल देश में 20.11 लाख एक्टिव केस हैं।

दिल्ली में गुरुवार को कोरोना से 43 लोगों की जान गई। यह आंकड़ा दूसरी लहर यानी 10 जून के बाद सबसे ज्यादा है। पिछले साल 10 जून को दिल्ली में 44 लोगों की जान गई थी। हालांकि, रोजाना के केसेस में 11% की कमी दर्ज की गई है। बुधवार को यहां 13,785 मामले सामने आए थे और गुरुवार को आंकड़ा 12,306 का रहा।

सरकार ने कहा है कि तीसरी लहर में मौतें दूसरी लहर के मुकाबले काफी कम हुई हैं। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि यूपी, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, बंगाल, गुजरात, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान में एक्टिव केस सबसे ज्यादा है। ICMR के DG डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि वैक्सीनेशन भारत के लिए फायदेमंद साबित हुआ है। वैक्सीनेश के चलते ही तीसरी लहर में मौतों की संख्या काफी घटी है। वैक्सीनेशन ज्यादा होने की वजह से ही हम गंभीर संक्रमण और बहुत ज्यादा मौतें नहीं देख रहे हैं।

देश में 160 करोड़ वैक्सीन का आंकड़ा पार हुआ

देश में वैक्सीन के 160 करोड़ डोज दिए जा चुके हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी। इसके साथ ही देश में फुली वैक्सीनेटेड लोगों की संख्या 66 करोड़ हो गई है। यह कुल आबादी का 48% है।

देश में ओमिक्रॉन के अब तक 9,287 केस मिले हैं। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 16.41% दर्ज किया गया।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा है कि कोरोना की यह लहर पिछली लहरों से ज्यादा नुकसान पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि अगले तीन हफ्ते बहुत अहम हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि संक्रमण रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बिहार और आंध्र प्रदेश में कोरोना मुआवजे के धीमी वितरण को लेकर इन राज्यों के मुख्य सचिवों को फटकार लगाई। कोर्ट ने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों की तरफ से मुआवजे की मांग करने तक इंतजार करने की बजाय उन्हें मुआवजा पहुंचाने पर ध्यान देने को कहा।

केंद्र सरकार के एक्सपर्ट पैनल ने बुधवार को कोवीशील्ड और कोवैक्सिन को खुले बाजार में बेचने की सिफारिश की है।

छत्तीसगढ़ में ओमिक्रॉन के 13 नए मरीज मिले हैं। इनमें रायपुर और दुर्ग में 3-3, नांदगांव के 7 मरीज हैं। राज्य में ओमिक्रॉन से अब तक 21 लोग संक्रमित हो चुके हैं। बीते दिन यहां 5,625 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 5,364 मरीज ठीक हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 10.75 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10.29 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,682 लोगों की मौत हो गई। कुल 32,021 का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 10.3% है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post सुपरसोनिक ब्रह्मोस के नए संस्करण का किया परीक्षण
Next post अश्लील वीडियो मामले में प्रभारी DEO सस्पेंड