बम्लेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे ,कार अनियंत्रित होकर नीचे गिरी; 3 की मौत, 7 घायल

दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना के अंजोरा क्षेत्र में बाफना टोल प्लाजा के पास रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया है। डोंगरगढ़ से मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एसयूवी कार बैरीकेड को तोड़ते हुए 12 फीट नीचे गिर गई।

इस हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। वहीं 7 लोग घायल भी हुए हैं। कार में करीब 8 लोग सवार थे।

मृतकों में अब तक एक की ही पहचान पुरेंद्र पिता सेमेंद्र साहू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। जबकि 2 अन्य की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

5 घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है। जबकि दो घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। कार सवार सभी लोग रायपुर के अश्वनी नगर निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रायपुर अश्वनी नगर के रहने वाले आठ दोस्तों ने माता बम्लेश्वरी के दर्शन करने का प्लान बनाया था। इनमें सलीम अंसारी (28 वर्ष) भी शामिल था। सभी कार से शनिवार को डोंगरगढ़ के लिए गए थे। वहां मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद रविवार सुबह रायपुर अपने घर लौट रहे थे।

सुबह 6.30 बजे के करीब जैसे ही उनकी गाड़ी अंजोरा क्षेत्र के बाफना पुलिया के पास पहुंचने वाली थी कि तभी ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया। गाड़ी तेज रफ्तार में होने से संभल नहीं पाई और किनारे लगे बैरीकेड को तोड़ते हुए करीब 10-12 फिट नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने तुरंत ही इस बात की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

जिस समय यह दुर्घटना हुई उस समय शहर के लोग मॉर्निंग वाक पर निकलते हैं। जिन दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, ऐसा माना जा रहा है कि वह लोग मॉर्निंग वॉक में निकले थे और कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया है। पुलिस मृतकों की पहचान कर रही है। घायल और एक मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post डेनमार्क की प्रधानमंत्री ने देखा ताजमहल, कहा- बेहद खूबसूरत है.
Next post कार के फर्जी इंश्योरेंस पर ठगी