प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलिंपिक स्तर की स्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षित करेगा आईओए

रायपुर। प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलिंपिक स्तर की स्पर्धाओं के लिए भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) की टीम प्रशिक्षित करेगी। आईओए का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ आएगा, जिसमें विभिन्न खेलों के अनुभवी कोच और विशेषज्ञ शामिल होंगे।

वे स्थानीय खिलाड़ियों को ओलिंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षित और खेल तकनीकों को निखारने में सहायता करेंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आईओए की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी ऊषा ने दी है। वे गुरुवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री साय से मिलने के लिए पहुंची थी।

खेल प्रतिभाओं को दिलाएं अंतरराष्ट्रीय पहचान

इस दौरान छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास, युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और ओलिंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए राज्य की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को दो करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है।

छत्तीसगढ़ में नहीं खेल प्रतिभाओं की कमी

पीटी ऊषा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और इसे भारत के खेल प्रोत्साहन माडल के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।

खेल प्रतिभाओं को देंगे नई उड़ान- साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए विशेष खेल आयोजनों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। बस्तर ओलिंपिक का आयोजन किया गया, जिसमें 1.65 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना था। दो मार्च को अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पांच हजार से अधिक युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। राज्य सरकार और भारतीय ओलिंपिक संघ के बीच की साझेदारी राज्य में खेलों के विकास को नया आयाम देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post विवाह समारोह में नाबालिग से दुष्कर्म, बाथरूम से जबरन खींच ले गया था आरोपी
Next post महाकुम्भ 2025 : महाशिवरात्रि के पहले भारी भीड़ के कुशल प्रबंधन के लिए तैयारियां तेज, ग्राउंड पर उतरे अधिकारी