ताज़ा खबर
Home / Chhattisgarh / पूर्व DY CM सिंहदेव के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के बयान पर कांग्रेस नेताओं में सिर फुटौव्वल

पूर्व DY CM सिंहदेव के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के बयान पर कांग्रेस नेताओं में सिर फुटौव्वल

रायपुर। कांग्रेस के साल 2028 के विधानसभा चुनाव पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ने के बयान से नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत पलट गए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके बयान को तोड़ मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है।

दरअसल, महंत का बयान आते ही भाजपा हमलावर हो गई थी और पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने भी सवाल उठाए थे। इधर, निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के बीच बयानों के तीर से सिर फुटौव्वल की स्थिति बनती जा रही है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पूरे पांच साल के कार्यकाल में बघेल बनाम सिंहदेव की गुटबाजी हावी रही। राज्य में दस नगर निगम और सौ से ज्यादा स्थानीय निकायों में 11 फरवरी को मतदान है।

महंत के बयान पर बीजेपी ने ली चुटकी

नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान मंगलवार को अंबिकापुर की जनसभा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि अगला चुनाव टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़कर छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। सिंहदेव हमेशा बेदाग रहे हैं।

इस पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि कि महंत का यह बयान कांग्रेस के भीतर चल रहे सत्ता-संघर्ष और गुटीय घमासान का ही परिचायक है। एक तरह से बघेल के नेतृत्व को महंत ने ठुकरा दिया है, जबकि अगले विधानसभा चुनाव में अभी चार साल बचे हैं।

महंत की सफाई- तो क्या कहता, भूपेश के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव हार गए

भाजपा के कटाक्ष की खबर संभवतः महंत तक पहुंच चुकी थी। अंबिकापुर से मनेंद्रगढ़ पहुंचते ही महंत ने पलटी मार ली। उन्होंने कहा, अंबिकापुर में मैंने तो ऐसा नहीं कहा है। मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

प्रदेश में कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी, जिसमें चेहरा सभी का होगा। अंबिकापुर सिंहदेव का क्षेत्र है उनके क्षेत्र में उनको उत्साहित नहीं करूंगा, तो क्या उनको कहूंगा कि उनके नेतृत्व में चुनाव हार गए।

 

महंत की वरिष्ठ नेताओं से चर्चा हुई होगी, मेरी जानकारी में नहीं: बघेल

महंत के बयान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि डॉ. चरणदास महंत किसी घोषणा के लिए अधिकृत नहीं हैं। हाईकमान अधिकृत है। वे वरिष्ठ नेता हैं, दिल्ली में उनकी मुलाकात कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं से होती रहती है। ऐसी कोई बात हुई होगी तो जानकारी नहीं है। मगर, ऐसी घोषणा पार्टी हाईकमान से ही होती है।

ऐसे बयानों पर विराम लगे, अन्यथा बातें दूषित नजरिये से देखी जाएंगी: सिंहदेव

राजनीतिक बयानबाजी के बीच पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि इस पर अब विराम लगना चाहिए, अन्यथा ये बातें दूषित नजरिए से देखी जाएंगी। सामूहिक नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। डॉ. महंत के बयान में कोई सच्चाई नहीं है। ऐसे निर्णय पार्टी हाईकमान से आते हैं। उन्होंने (डॉ. चरण दास महंत) जो भी कहा होगा, स्थानीय स्तर को लेकर ही कहा होगा।

About jagatadmin

Check Also

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़।

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़। दो फर्जी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *