गरमाया परप्रांतीयों का मुद्दा, सीएम ने यूपी-बिहार के लोगों का ब्योरा जुटाने को कहा

महाराष्ट्र में एक बार फिर परप्रांतीयों के मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई साकीनाका निर्भया कांड के बाद राज्य में यूपी-बिहार व अन्य राज्यों से आने वालों लोगों का ब्योरा जुटाने के लिए कहा है। भाजपा ने मुख्यमंत्री के इस निर्देश की आलोचना की है। सीएम के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई है।

मुख्यमंत्री ठाकरे ने  निर्देश दिया था कि राज्य में आने वाले परप्रांतीयों का रिकॉर्ड रखा जाए। उनके आने-जाने से लेकर रहने और काम करने के स्थान की भी निगरानी रखी जाए। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे भी ये मांगें कर रहे हैं।

वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि क्या महाराष्ट्र के लोग इस तरह का अपराध नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि अपराध विशेष को लेकर किसी एक समाज को लक्ष्य नहीं बनाना चाहिए।

मुंबई भाजपा प्रभारी व विधायक अतुल भातखलकर ने मुख्यमंत्री के खिलाफ कांदिवली पूर्व के समतानगर पुलिस स्टेशन में धारा 153 (ए) के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री के इस तरह के निर्देश से सूबे में स्थानीय बनाम परप्रांतीयों के बीच द्वेष बढ़ेगा। कई लोगों को लगेगा कि महाराष्ट्र में परप्रांतीयों के कारण दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही है। इससे परप्रांतीय भयभीत हो गए हैं।

अतुल भातखलकर ने कहा कि शिवसेना के छह से ज्यादा पदाधिकारियों पर दुष्कर्म का आरोप है। बीते सात महीने में मुंबई में 550 महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हुई हैं, जिसमें 323 नाबालिग हैं। उद्धव ठाकरे सरकार को यह पता लगाना चाहिए कि इसमें कितने आरोपी परप्रांतीय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post बच्ची से दुष्कर्म आरोपी का होगा एनकाउंटर, पुलिस ने रखा 10 लाख का इनाम
Next post चारामा घाट की चट्टान गिरने से सड़क बंद की गई