



हाजीपुर: वैशाली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। भगवानपुर थाना पुलिस ने 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश 20 नवंबर को NH-22 से सरिया लदा ट्रक लूटने में शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया सामान, दो देशी कट्टे, चार कारतूस, 25 हजार रुपये और दो मोबाइल बरामद किए हैं। ये बदमाश पटना, नालंदा और गया जिलों के रहने वाले हैं।

‘DSP’ ने लूटा था सरिए से भरा ट्रक
एसपी हरकिशोर राय के अनुसार ट्रक को ‘डीएसपी’ ने लूटा था। 27 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिली थी कि गोढ़िया चमन के पास आम के बगीचे में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर पांच लोग भागने लगे। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो भाग निकले।
पहले पुलिस ने 3 को दबोचा
पकड़े गए तीन लोगों के नाम रमेश कुमार, कुंदन कुमार और मनीकांत कुमार उर्फ गणेश हैं। रमेश के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 25 हजार रुपये मिले। कुंदन के पास से भी एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। मनीकांत के पास से एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल मिला।
फिर पकड़ा गया डीएसपी कुमार
पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने 20 नवंबर को NH-22 से सरिया लदा ट्रक लूटा था। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर यह लूट की थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छह और बदमाशों को गिरफ्तार किया। इन्हीं में से एक ‘DSP’ था। चौंकिए नहीं, दरअसल अपराधी का नाम ही डीएसपी कुमार है। इसके अलावा पुलिस ने अश्विनी कुमार, बंटी प्रसाद, शहजाद आलम, छोटे यादव और उपेंद्र कुमार को भी दबोच लिया
पुलिस ने माल को किया बरामद
पुलिस ने लूटी गई सरिया और ट्रक के कटे हुए पार्ट्स, इंजन और चेचिस बरामद कर लिए हैं। बरामद सरिया का वजन लगभग 13.5 टन है। इसका सौदा 5 लाख रुपयों में कर भी लिया गया था। पुलिस ने सभी गिरफ्तार बदमाशों पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सभी बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। भागे हुए दो बदमाशों की पहचान हो गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार बदमाश कुंदन कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पटना के गौरीचक थाने में पहले से ही मामला दर्ज है। अन्य बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।