आवारा कुत्तों को हटाने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पेटा इंडिया का आया बयान

दिल्ली के आवारा कुत्तों को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अब पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (पेटा इंडिया) का बयान आया है. पेटा इंडिया की पशु चिकित्सा मामलों की वरिष्ठ निदेशक डॉ. मिनी अरविंदन की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, “कई कम्युनिटीज आसपास रहने वाले कुत्तों को परिवार मानते हैं, और कुत्तों को विस्थापित करना और जेल में डालना वैज्ञानिक नहीं है और कभी कारगर नहीं रहा है. 2022-23 में किए गए एक जनसंख्या सर्वेक्षण के अनुसार, दिल्ली में लगभग 10 लाख कम्युनिटी कुत्ते हैं, जिनमें से आधे से भी कम की नसबंदी की गई है. दिल्ली की सड़कों से लगभग 10 लाख कम्युनिटी कुत्तों को जबरन हटाने से उन कम्युनिटीज में खलबली मच जाएगी, जो उनकी गहरी परवाह करते हैं. इसके साथ ही कुत्तों में भी बड़े पैमाने पर अराजकता और पीड़ा होगी.”

‘कोई मदद नहीं मिलेगी’

मिनी अरविंदन के बयान में आगे कहा गया कि अंततः इससे कुत्तों की आबादी पर अंकुश लगाने, रेबीज़ कम करने या कुत्तों के काटने की घटनाओं को रोकने में कोई मदद नहीं मिलेगी. ऐसा इसलिए है क्योंकि पर्याप्त संख्या में कुत्तों के आश्रय स्थल बनाना असंभव है और कुत्तों को विस्थापित करने से कुत्तों के बीच क्षेत्र को लेकर झगड़े और भुखमरी जैसी समस्याएं पैदा होती हैं. अंततः, कुत्ते फिर से उन्हीं क्षेत्रों में लौट आते हैं, खासकर जब पिल्ले पैदा होते रहते हैं. इसीलिए, सरकार ने 2001 से कम्युनिटी कुत्तों की नसबंदी अनिवार्य कर दी है—एक ऐसी प्रक्रिया, जो उन्हें शांत करती है—और इस दौरान उन्हें रेबीज़ का टीका भी लगाया जाता है.

दिल्ली सरकार पर लगाए आरोप

पेटा इंडिया ने कहा कि अगर दिल्ली सरकार ने कुत्तों की नसबंदी के लिए एक प्रभावी कार्यक्रम लागू किया होता, तो आज सड़कों पर शायद ही कोई कुत्ता होता, लेकिन एक प्रभावी नसबंदी कार्यक्रम को अभी से लागू करने में देर नहीं होगी. अप्रभावी और अमानवीय विस्थापन अभियानों पर समय, प्रयास और सार्वजनिक संसाधनों को बर्बाद करने के बजाय, एक प्रभावी नसबंदी कार्यक्रम अभी भी समाधान और तत्काल आवश्यकता है. अन्य महत्वपूर्ण प्रयासों में अवैध पालतू जानवरों की दुकानों और प्रजनकों को बंद करना शामिल होगा, जो जानवरों को छोड़ने में योगदान देते हैं, और जनता को किसी पशु आश्रय या सड़क से ज़रूरतमंद कुत्ते को लेने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल होगा.

सुप्रीम कोर्ट का क्या है आदेश

दिल्ली NCR में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर लगातार हो रहे आवारा कुत्तों के हमलों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को बेहद सख़्त निर्देश जारी किए. जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने कहा कि हमें सड़कों को पूरी तरह से आवारा कुत्तों से मुक्त बनाना होगा, यह पहला और सबसे महत्वपूर्ण प्रयास होना चाहिए. अदालत ने NCR, MCD और NDMC को तुरंत सभी इलाकों से कुत्तों को उठाने और उन्हें शेल्टर होम में भेजने का आदेश दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post बासी मुंह चबाकर खा लें आम के पत्ते, इन समस्याओं के लिए वरदान से कम नहीं
Next post डॉक्टर रोबिन ने बताया दांतों में लगे पायरिया के लिए देसी मंजन, किन 4 चीज से बनेगा?